IPL 2026: कप्तान ईशान किशन की तूफानी पारी, SRH ने RCB को दिया 202 रन का लक्ष्य

बेंगलुरु: आईपीएल 2026 के उद्घाटन मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कप्तान ईशान किशन की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 202 रन का लक्ष्य दिया। मैच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां RCB ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।

SRH की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड (11) और अभिषेक शर्मा (7) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद नितीश कुमार रेड्डी भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 29 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद कप्तान ईशान किशन ने पारी को संभाला।

ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। उन्होंने हेनरिक क्लासेन के साथ चौथे विकेट के लिए 53 गेंदों पर 97 रन की अहम साझेदारी की। क्लासेन ने 22 गेंदों में 31 रन का योगदान दिया।

अंत में अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनकी पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। SRH ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 201 रन बनाए।

RCB की ओर से डेब्यू कर रहे जैकब डफी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए। रोमारियो शेफर्ड ने 3 विकेट तो लिए, लेकिन 54 रन खर्च किए। वहीं भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा को 1-1 विकेट मिला।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.