लखनऊ में सास की हत्या : अवैध संबंधों में बाधा बनने पर बहू ने प्रेमी संग रची साजिश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अवैध संबंधों में बाधा बनने पर एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना महानगर क्षेत्र के निशातगंज की है, जहां 69 वर्षीय निर्मला देवी की शनिवार को हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में मामला लूट का प्रतीत हुआ, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर साजिश का खुलासा हुआ।

यह भी पढ़े - बलिया में किसान दिवस: बिजली, नलकूप और मुआवजे के मुद्दे उठे, डीएम ने दिए निर्देश

अधिकारियों ने बताया कि मृतका के हाथ-पैर बांधकर साड़ी से गला घोंटा गया था। घर में सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे घटना को लूट का रूप देने की कोशिश की गई थी।

पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दोपहर दो से चार बजे के बीच की रिकॉर्डिंग गायब मिली। साथ ही डॉग स्क्वायड की गतिविधियों और संदिग्ध परिस्थितियों के आधार पर बहू रंजना और किराएदार राजन शर्मा पर शक गहराया।

पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच अवैध संबंध थे और मृतका इसका विरोध करती थी। इसी कारण तीन दिन पहले हत्या की साजिश रची गई।

उन्होंने बताया कि घटना के दिन आरोपियों ने पहले सीसीटीवी बंद किया, फिर महिला के हाथ-पैर बांधकर साड़ी से गला घोंट दिया। इसके बाद जेवर समेटकर घर का सामान बिखेर दिया ताकि मामला लूट जैसा लगे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.