कानपुर : युवक का शव फंदे से लटका मिला, वेतन विवाद की जांच में जुटी पुलिस

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिधनू थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से कानपुर देहात के फतेहपुर रोशनाई निवासी 24 वर्षीय रामजी बिधनू स्थित एक मुर्गी फार्म में काम करता था और वहीं रहता था।

यह भी पढ़े - कानपुर में सेवानिवृत्त शिक्षिका से 1.57 करोड़ रुपये की साइबर ठगी

परिजनों का आरोप है कि युवक का ठेकेदार से वेतन को लेकर विवाद हुआ था। मृतक के भाई श्यामजी ने बताया कि ठेकेदार पूरा वेतन नहीं देता था और पैसे मांगने पर गाली-गलौज करता था। घटना से पहले युवक ने फोन पर परिजनों से अपनी परेशानी बताई थी।

उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद सूचना मिली कि युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

आर्थिक तंगी से परेशान व्यक्ति ने की आत्महत्या

चकेरी थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय संतोष कुमार ने फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, वह आर्थिक तंगी और पूर्व में हुई चोरी व सड़क दुर्घटना के कारण तनाव में था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

शराब के नशे में युवक ने उठाया आत्मघाती कदम

कल्याणपुर क्षेत्र में 35 वर्षीय राजमिस्त्री राकेश वर्मा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, वह शराब का आदी था और नशे की हालत में परिजनों से विवाद के बाद यह कदम उठाया। पुलिस ने तीनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.