संभल में कार-टेंपो की टक्कर में चार की मौत, आठ घायल

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम कार और टेंपो की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा धनारी थाना क्षेत्र के उधरनपुर गांव के पास शाम करीब छह बजे हुआ। एक टेंपो चालक करीब 12 सवारियों को लेकर बबराला से बहजोई जा रहा था, जबकि एक कार बहजोई से बबराला की ओर आ रही थी। इसी दौरान कार चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर टेंपो से टकरा गया।

यह भी पढ़े - बलिया: गैस एजेंसी पर पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध, एमडीएम से जुड़ी समस्या पर करें संपर्क

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं, एक किशोरी और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। मृतकों में बहजोई के पाठकपुर की मढ़ैया निवासी राजेश, रायपुर कला की रजनी और मानकपुर की एक किशोरी शामिल हैं, जबकि एक महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.