होली के दिन विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन पर केस

लखनऊ: राजधानी के दुबग्गा थाना क्षेत्र के बेगरिया इलाके में होली के दिन मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार शाम हुए झगड़े में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब पांच बजे की है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र गौतम अपने घर के सामने सड़क पर पड़ोसी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला मोहित तिवारी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई।

यह भी पढ़े - बलिया में पत्नी की हत्या: डंडे से पीटकर मार डाला, रातभर शव के पास बैठा रहा पति, गिरफ्तार

शोर सुनकर मोहित की मां रंजना और बहन शिवानी भी मौके पर पहुंच गईं और विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान बीच-बचाव करने के लिए राजेंद्र गौतम का बेटा सूरज गौतम भी वहां पहुंच गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान शिवानी घर से चाकू लेकर आई और सूरज पर कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल सूरज को परिजन ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दुबग्गा थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी शिवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने दुबग्गा थाने का घेराव भी किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर बुलानी पड़ी। मृतक सूरज गौतम एक निजी कंपनी में काम करता था और अपने परिवार के साथ इलाके में रहता था।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.