शादी का दबाव बनाने पर जीजा ने की साली की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

मुरादाबाद: थाना मैनाठेर क्षेत्र के ग्राम बघी गोवर्धनपुर के जंगल में स्थित एक सूखे कुएं से मिली युवती की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका के कपड़े और सफेद धातु के आभूषण भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी को ग्राम बघी गोवर्धनपुर के जंगल में करीब 15 फुट गहरे सूखे कुएं में 20–22 वर्षीय एक युवती का शव मिला था। सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बाद में विभिन्न माध्यमों से शव की शिनाख्त कराई गई।

यह भी पढ़े - बलिया के खनन अधिकारी को गाड़ी से कुचलने की कोशिश, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मैनाठेर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक किरण पाल ने बताया कि मृतका की पहचान शाबरीन उर्फ समरीन (21) पुत्री बाबू खां, निवासी ग्राम कमालपुर काफुरपुर, थाना असमोली, जनपद संभल के रूप में हुई। मृतका के पिता की तहरीर पर थाना मैनाठेर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने सोमवार को हत्या के मुख्य आरोपी हासिम पुत्र चांद खां तथा उसके दो सहयोगियों अजीम बाबा और आदिल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि मृतका उसकी साली थी और दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे। मृतका उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी।

पुलिस के मुताबिक, 26 फरवरी को आरोपी ने शाबरीन को घर से जेवर लेकर नहर किनारे पटरी पर बुलाया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने मृतका के दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में उसने अपने साथियों की मदद से शव को बघी गोवर्धनपुर गांव के जंगल में स्थित कुएं में फेंक दिया।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.