- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट (आईएटी) 2026 का रजिस्ट्रेशन शुरू, परीक्षा 7 जून को
आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट (आईएटी) 2026 का रजिस्ट्रेशन शुरू, परीक्षा 7 जून को
लखनऊ: इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (आईआईएसईआर) ने शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट (आईएटी) 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 5 मार्च से शुरू हो गया है, जबकि परीक्षा 7 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। सभी सात आईआईएसईआर संस्थानों में अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम में प्रवेश केवल आईएटी स्कोर के आधार पर होगा और जेईई स्कोर के आधार पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
आईआईएसईआर भारत सरकार द्वारा स्थापित स्वायत्त संस्थान हैं, जिनका उद्देश्य आधारभूत विज्ञान में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और शोध को बढ़ावा देना है। संस्थानों में विद्यार्थियों को अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, शोध केंद्रों और इंटरडिसिप्लिनरी शिक्षा का अवसर मिलता है।
आईआईएसईआर के अनुसार, आईएटी परीक्षा के माध्यम से चयनित छात्रों को विश्वस्तरीय शोध, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री सहयोग और अंतरराष्ट्रीय एक्सचेंज कार्यक्रमों का अवसर मिलता है। यहां के स्नातक दुनिया की शीर्ष शोध संस्थाओं, उद्योगों और पीएचडी कार्यक्रमों में अपनी पहचान बना रहे हैं।
योग्यता मानदंड
आईएटी 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को विज्ञान स्ट्रीम से कक्षा 12 या समकक्ष परीक्षा (या न्यूनतम तीन वर्षीय डिप्लोमा) 2024, 2025 या 2026 में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक (एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी के लिए 55 प्रतिशत) के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। उम्मीदवार ने बायोलॉजी, केमिस्ट्री, मैथमेटिक्स और फिजिक्स में से कम से कम तीन विषयों का अध्ययन किया हो।
आईआईएसईआर कोलकाता के बीएस-एमएस कम्प्यूटेशनल और डेटा साइंस, आईआईएसईआर भोपाल के बीटेक/बीएस इकोनॉमिक साइंस और आईआईएसईआर तिरुपति के बीएस इकोनॉमिक एवं स्टैटिस्टिकल साइंस कार्यक्रमों के लिए गणित विषय अनिवार्य है।

आवेदन की प्रक्रिया
उम्मीदवार आईआईएसईआर एडमिशन पोर्टल https://www.iiseradmission.in/� पर जाकर ‘अप्लाई फॉर आईएटी-2026’ लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद यूजर आईडी और पासवर्ड प्राप्त होगा, जिसके माध्यम से लॉगिन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन शुल्क का भुगतान करने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
महत्वपूर्ण तिथियां
5 मार्च 2026 – आवेदन प्रक्रिया शुरू
13 अप्रैल 2026 – आवेदन की अंतिम तिथि
16–18 अप्रैल 2026 – आवेदन पत्र में सुधार का अवसर
24 मई 2026 – एडमिट कार्ड जारी
7 जून 2026 – आईएटी 2026 परीक्षा (सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक)
आईआईएसईआर ने उम्मीदवारों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क भी उपलब्ध कराया है। अधिक जानकारी और अपडेट के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक पोर्टल पर नियमित रूप से विजिट करने की सलाह दी गई है।
आईआईएसईआर के अधिकारियों के अनुसार, संस्थान में विद्यार्थियों को शोध आधारित शिक्षा, इंटरडिसिप्लिनरी अध्ययन और वैश्विक स्तर के वैज्ञानिक करियर के लिए तैयार किया जाता है।
