सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं, कहा—शांति और सुरक्षा के माहौल में ही उमंग के पर्व मनाए जाते हैं

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक समरसता, उमंग और उल्लास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उमंग और उत्साह के ऐसे पर्व तभी उत्सवी रूप में मनाए जा सकते हैं, जब समाज में शांति, सौहार्द, सुरक्षा का भाव और आपसी विश्वास का वातावरण हो।

मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में परंपरा के अनुसार होलिकोत्सव का शुभारंभ किया। बुधवार सुबह मंदिर परिसर में मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत की ऋषि परंपरा और पूर्वजों ने हजारों वर्षों से चली आ रही होली की विरासत को जिस भाव से संरक्षित किया है, उसे वर्तमान पीढ़ी भी उसी उत्साह के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग इस पावन पर्व के साथ जुड़कर आनंद की अनुभूति कर रहा है और यदि कहीं कोई मनमुटाव या वैरभाव है तो उसे समाप्त कर समरस समाज की स्थापना का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़े - बरेली में पत्नी से विवाद के बाद सिपाही ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में होलिकादहन के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। उनके अनुसार प्रदेश में 1 लाख 61 हजार से अधिक स्थानों पर होलिकादहन के कार्यक्रम उत्साह और शांति के साथ आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि होलिकादहन भगवान श्रीहरि विष्णु के नृसिंह अवतार की स्मृति से भी जुड़ा है।

उन्होंने कहा कि समाज में जब भी अराजकता, अव्यवस्था या अशांति उत्पन्न होती है, तब सज्जन शक्तियों की रक्षा और दुर्जन शक्तियों के दमन के लिए ईश्वरीय अवतार नई प्रेरणा देते हैं। सकारात्मक विचारों को प्रोत्साहित करने और नकारात्मकता को समाप्त करने की प्रेरणा ऐसे प्रसंगों से मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नए भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है और आत्मनिर्भर व विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि आने वाली पीढ़ियां भी इस समरसता और उल्लास के पर्व को उसी उत्साह के साथ मनाती रहें।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.