- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में पत्नी की हत्या: डंडे से पीटकर मार डाला, रातभर शव के पास बैठा रहा पति, गिरफ्तार
बलिया में पत्नी की हत्या: डंडे से पीटकर मार डाला, रातभर शव के पास बैठा रहा पति, गिरफ्तार
बलिया: जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना 26 फरवरी की रात की है। आरोपी हत्या के बाद पूरी रात शव के पास घर में बैठा रहा और सुबह होते ही फरार हो गया। पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
26 फरवरी की देर रात मिथुन शराब के नशे में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि मिथुन ने घर में पड़े डंडे से पार्वती की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी पूरी रात घर में ही रहा। सुबह बच्ची के रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। ग्राम प्रधान विजय प्रताप सिंह की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतका के पिता सीताराम साहनी की तहरीर पर 27 फरवरी को पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मोहम्मद उस्मान ने बताया कि सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी मिथुन साहनी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
