लखनऊ में एलडीए टीम पर हमला, सरकारी वाहनों पर पथराव; जेसीबी चालक घायल

लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नगराम रोड स्थित पूरनपुर गांव में बुधवार को अवैध निर्माण हटाने गई लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने अधिकारियों से मारपीट की, सरकारी दस्तावेज छीनने का प्रयास किया और जेसीबी सहित सरकारी वाहनों पर पथराव किया। इस दौरान जेसीबी चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए भेजा गया।

एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि पूरनपुर गांव में राजपाल व अन्य द्वारा लगभग 2000 वर्गफुट क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृति के व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण को अवैध मानते हुए विहित प्राधिकारी न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया था।

यह भी पढ़े - सड़क हादसे में बलिया के लाल CRPF जवान की मौत, गांव में शोक की लहर

आदेश के अनुपालन में प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता सत्येन्द्र सोलंकी, अवर अभियंता विभोर श्रीवास्तव एवं विवेक यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और विरोध करने लगे। नोकझोंक के बाद भीड़ उग्र हो गई और एलडीए अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ हाथापाई व मारपीट शुरू कर दी।

हमलावरों ने विभागीय फाइलें छीनने और नष्ट करने का प्रयास किया। इसके साथ ही जेसीबी व अन्य सरकारी वाहनों पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए, जिससे जेसीबी चालक के सिर में गंभीर चोट आई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार और प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस बल भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिस के पहुंचते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 के अवर अभियंता विवेक यादव ने मोहनलालगंज थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और पथराव की धाराओं में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.