प्रभारी औषधि निरीक्षक की जांच में अनियमितता उजागर, मेडिकल स्टोर बंद, नोटिस की तैयारी

बलिया। प्रभारी औषधि निरीक्षक रजत कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को जिले में औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर के पास स्थित माधव मेडिकल स्टोर को प्रोपराइटर और फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा संचालित पाए जाने पर तत्काल बंद करा दिया गया।

इसके अलावा औषधि निरीक्षक द्वारा मधु फार्मेसी (सुखपुरा), एसएस मेडिकल एजेंसी, न्यू गौरी मेडिकल स्टोर (रतसर) तथा न्यू दीप मेडिसिन सेंटर (गढ़वार) के निरीक्षण में भी कमियां पाई गईं। इन अनियमितताओं से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। संबंधित प्रतिष्ठानों को एक सप्ताह के भीतर कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े - बलिया में चेतावनी के बाद भी कमियां बरकरार, CDO ने चार कर्मचारियों का वेतन रोका

निरीक्षण के दौरान कार्यालय लिपिक पीयूष सिंह उपस्थित रहे। इसके उपरांत प्रभारी औषधि निरीक्षक ने बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (BCDA) के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में उन्होंने दवा व्यापारियों को दवाओं के उचित भंडारण, साफ-सफाई, वैध फार्मासिस्ट की उपस्थिति और बिक्री रसीदों के संधारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.