- Hindi News
- मनोरंजन
- मुक्ता आर्ट्स और ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के बीच साझेदारी, प्रतिष्ठित फिल्मों पर बनेंगी एनिमेटेड सीरीज और...
मुक्ता आर्ट्स और ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के बीच साझेदारी, प्रतिष्ठित फिल्मों पर बनेंगी एनिमेटेड सीरीज और फिल्में
मुंबई, फरवरी 2026। प्रख्यात फिल्म निर्माता सुभाष घई की कंपनी मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड और ग्रीन गोल्ड एनिमेशन ने मुक्ता आर्ट्स की प्रतिष्ठित बौद्धिक संपदा (आईपी) पर आधारित एनिमेटेड शो और फीचर फिल्मों के विकास एवं निर्माण के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
मुक्ता आर्ट्स ने एनिमेशन क्षेत्र में अपने रणनीतिक विस्तार के तहत वर्ष 2025 में एसजीएम एनीमेशन स्टूडियो की शुरुआत की थी, जो कंपनी का समर्पित एनिमेशन और गेमिंग डिवीजन है। यह स्टूडियो एनिमेटेड फिल्में, सीरीज, कॉमिक बुक्स और गेम्स के विकास, निर्माण और सह-निर्माण पर केंद्रित है, साथ ही चार दशकों में विकसित मुक्ता आर्ट्स की समृद्ध आईपी लाइब्रेरी का उपयोग करेगा।
ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव चिलाका ने कहा कि यह साझेदारी प्रतिष्ठित फिल्म कैटलॉग को एनिमेशन के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि दोनों कंपनियां मिलकर ऐसी एनिमेटेड दुनिया विकसित करना चाहती हैं, जो मूल कहानियों से जुड़ी हों और वैश्विक युवा दर्शकों से भी संवाद स्थापित कर सकें।

मुक्ता आर्ट्स के संस्थापक सुभाष घई ने कहा कि कंपनी हमेशा से भावनात्मक रूप से जुड़ी कहानियों पर विश्वास करती रही है। उन्होंने कहा कि एनिमेशन के माध्यम से इन कहानियों को एक नए माध्यम में विस्तार देकर अगली पीढ़ी के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
कंपनियों के अनुसार, यह साझेदारी भारतीय सिनेमा की प्रतिष्ठित विरासत को नई तकनीक और आधुनिक फॉर्मेट के जरिए वैश्विक मंच तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
