बलिया में ठेकेदार से 7.65 लाख की ठगी, सस्ते सीमेंट का झांसा देकर जालसाज फरार

बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र में कम दाम पर सीमेंट सप्लाई का लालच देकर एक ठेकेदार से 7 लाख 65 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सहतवार थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार तिवारी, जो सुधा एसोसिएट्स नाम से फर्म संचालित करते हैं, गड़वार–पियरिया मार्ग पर पुल निर्माण कार्य करा रहे हैं। अखिलेश तिवारी के अनुसार, अभिषेक कुमार मिश्रा नाम का व्यक्ति उनसे मिला और खुद को अल्ट्राटेक सीमेंट का एरिया सेल्स मैनेजर बताया। उसने बाजार से कम दर पर सीमेंट उपलब्ध कराने का झांसा दिया।

यह भी पढ़े - कुशीनगर में बनेगी अत्याधुनिक केला टिशू कल्चर लैब, 4.01 करोड़ रुपये स्वीकृत

झांसे में आकर ठेकेदार ने तीन हजार बोरी सीमेंट खरीदने की सहमति दे दी। जालसाज ने यूको बैंक के जयप्रकाश इंटरप्राइजेज नामक खाते का विवरण दिया। इसके बाद पीड़ित ने अपने एसबीआई खाते से 3 फरवरी को 5.25 लाख रुपये और 4 फरवरी को 2.40 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए।

राशि खाते में पहुंचते ही आरोपी ने जल्द ट्रक नंबर और ई-वे बिल भेजने का भरोसा दिया, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। कई प्रयासों के बावजूद संपर्क न होने पर ठेकेदार को ठगी का अहसास हुआ।

थानाध्यक्ष सहतवार अनिल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.