- Hindi News
- भारत
- शिवम दुबे की तूफानी 66 रन की पारी से भारत ने नीदरलैंड को दिया 194 रन का लक्ष्य
शिवम दुबे की तूफानी 66 रन की पारी से भारत ने नीदरलैंड को दिया 194 रन का लक्ष्य
अहमदाबाद। शिवम दुबे के करियर की सर्वश्रेष्ठ तूफानी पारी की बदौलत भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मुकाबले में बुधवार को यहां नीदरलैंड के खिलाफ छह विकेट पर 193 रन बनाए और विपक्षी टीम को 194 रन का लक्ष्य दिया।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 34 रन जबकि तिलक वर्मा ने 31 रन का योगदान दिया। नीदरलैंड की ओर से तेज गेंदबाज लोगान वान बीक सबसे सफल रहे, जिन्होंने 56 रन देकर तीन विकेट लिए। ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त ने 19 रन देकर दो विकेट चटकाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और अभिषेक शर्मा एक बार फिर खाता खोले बिना आउट हो गए। मौजूदा विश्व कप में यह उनका लगातार तीसरा शून्य स्कोर रहा। वह आर्यन दत्त की गेंद पर बोल्ड हुए। इसके बाद इशान किशन (18) और तिलक वर्मा ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके।
भारत ने पावरप्ले में दो विकेट पर 50 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव को 13 रन पर जीवनदान मिला, जब लोगान वान बीक की गेंद पर माइकल लेविट ने उनका कैच टपका दिया। हालांकि इसी गेंदबाज के ओवर में रोलोफ वान डेर मर्व ने लॉन्ग ऑफ पर शानदार कैच लेकर तिलक वर्मा को पवेलियन भेजा।
सूर्यकुमार ने 12वें ओवर में बास डि लीडे पर छक्का लगाकर बाउंड्री का सूखा खत्म किया। इसके बाद शिवम दुबे ने कोलिन एकरमैन के ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाकर भारत का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। सूर्यकुमार यादव 28 गेंद में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर काइल क्लेन की गेंद पर आउट हुए।
15 ओवर में भारत का स्कोर चार विकेट पर 118 रन था। इसके बाद दुबे और हार्दिक ने आक्रामक रुख अपनाया। दुबे ने 17वें ओवर में लोगान वान बीक के खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाकर 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। हार्दिक पंड्या ने 19वें ओवर में काइल क्लेन पर दो छक्के जड़े।
दुबे ने अंतिम ओवर में वान बीक की पहली गेंद पर छक्का मारा, लेकिन अगली गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी टी वान डेर गुगटेन को कैच थमा बैठे। हार्दिक भी अंतिम गेंद पर आउट हो गए। नीदरलैंड के सामने जीत के लिए 194 रन का लक्ष्य है।
