- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- International Women’s Day : लखनऊ में ‘पिंक रोजगार महाकुंभ’, हजारों महिलाओं को मिलेगा नौकरी का मौका
International Women’s Day : लखनऊ में ‘पिंक रोजगार महाकुंभ’, हजारों महिलाओं को मिलेगा नौकरी का मौका
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आठ मार्च को लखनऊ में ‘पिंक रोजगार महाकुंभ’ का आयोजन किया जाएगा। यह मेला अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (जुपिटर हॉल), गोमती नगर में आयोजित होगा।
इस रोजगार मेले में फ्लिपकार्ट, रिलायंस जियो, आईसीआईसीआई बैंक, एयरटेल, बजाज फिनसर्व, अमेजन, महिंद्रा फाइनेंस, केएफसी और पैंटालून्स सहित 50 से अधिक कंपनियों के भाग लेने की संभावना है। इन कंपनियों द्वारा आईटी, बैंकिंग, रिटेल, कस्टमर सर्विस, लॉजिस्टिक्स और सेल्स जैसे क्षेत्रों में भर्ती की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, एक दिवसीय इस रोजगार मेले में लगभग पांच हजार से अधिक महिलाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। अभ्यर्थियों का साक्षात्कार स्थल पर ही किया जाएगा।
इच्छुक महिला अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट rojgaarsangam.up.gov.in या ncs.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं। इसके अलावा क्यूआर कोड के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।
अभ्यर्थियों को बायोडाटा की प्रतियां, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो, शैक्षणिक प्रमाण पत्र तथा पंजीकरण स्लिप साथ लाने के लिए कहा गया है।
उधर, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने वर्ष 2026 में पांच मेगा रोजगार मेलों के आयोजन की योजना बनाई है, जिनके माध्यम से लगभग एक लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इन रोजगार मेलों का आयोजन लखनऊ, मुजफ्फरनगर, झांसी, गोरखपुर और वाराणसी में किया जाएगा।
