- Hindi News
- भारत
- LPG Price Hike : रसोई गैस सिलेंडर हुआ महंगा, 60 रुपये की बढ़ोतरी; जानें दिल्ली-मुंबई समेत बड़े शहरों...
LPG Price Hike : रसोई गैस सिलेंडर हुआ महंगा, 60 रुपये की बढ़ोतरी; जानें दिल्ली-मुंबई समेत बड़े शहरों के नए रेट
नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी तथा डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट के बीच तेल विपणन कंपनियों ने रसोई गैस (LPG) के दाम बढ़ा दिए हैं। शनिवार से घरेलू और वाणिज्यिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि लागू हो गई है।
नई दरों के अनुसार दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये हो गई है, जो जुलाई 2023 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं कोलकाता में 939 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कीमत तय की गई है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में करीब 11 महीने बाद बदलाव किया गया है। इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को इसकी कीमत 50 रुपये बढ़ाकर 853 रुपये प्रति सिलेंडर की गई थी।
वहीं 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत भी बढ़ गई है। दिल्ली में इसकी कीमत 1,768.50 रुपये से बढ़कर 1,883 रुपये हो गई है, जो अप्रैल 2023 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमतों में लगातार चौथी बार बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले 1 मार्च को भी दिल्ली में इसकी कीमत 28 रुपये बढ़ाई गई थी।
नई कीमतों के अनुसार कोलकाता में 19 किलोग्राम सिलेंडर 1,990 रुपये, मुंबई में 1,835 रुपये और चेन्नई में करीब 2,043.50 रुपये का हो गया है।
चारों महानगरों में एलपीजी सिलेंडर के दामों में समान बढ़ोतरी की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल और गैस की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे कीमतों में तेजी आई है। इसके साथ ही रुपये के कमजोर होने का असर भी गैस की कीमतों पर पड़ा है।
