- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बाराबंकी
- Crime News : बाराबंकी में जमीन विवाद में अधिवक्ता को मारी गोली, हालत गंभीर
Crime News : बाराबंकी में जमीन विवाद में अधिवक्ता को मारी गोली, हालत गंभीर
बाराबंकी : जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शुक्लाई में जमीन विवाद को लेकर एक अधिवक्ता को गोली मारने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर पेट में गोली मार दी। घायल अधिवक्ता ने बताया कि उनके पिता के नाम की करीब आठ बीघा जमीन को विपक्षियों ने कथित रूप से फर्जी तरीके से अपने नाम करा लिया था। इसी जमीन को लेकर उनका मुकदमा अदालत में चल रहा है और उसी विवाद के चलते उन पर हमला कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिला अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी (ईएमओ) डॉ. पुष्पराज राणा ने बताया कि घायल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घायल अधिवक्ता का अपने चाचा के पुत्रों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
