Lakhimpur Kheri News: तालाब किनारे मिला किशोरी का शव, हत्या की आशंका

लखीमपुर खीरी: भीरा थाना क्षेत्र के मुड़ा बुजुर्ग गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी की छोटी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह किशोरी का शव गांव के बाहर तालाब किनारे बरामद हुआ। गले पर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान गोला कोतवाली क्षेत्र के चौरठिया गांव निवासी 15 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई है। माता-पिता के निधन के बाद वह अपनी बड़ी बहन शांति के घर, थाना भीरा के मुड़ा बुजुर्ग गांव में रह रही थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात शांति और उसके पति दिनेश के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।

यह भी पढ़े - खमरिया में भीषण सड़क हादसा : ओवरलोड ऑटो और ट्रक की टक्कर में चार की मौत, पांच गंभीर घायल

शांति के अनुसार, झगड़े के दौरान सुनीता बीच-बचाव करने आई, लेकिन जीजा दिनेश ने उसे डांटकर भगा दिया। इसके बाद सभी सो गए, लेकिन सुबह जब घरवाले जागे, तो सुनीता बिस्तर पर नहीं थी। बाद में कुछ ग्रामीणों ने उसका शव गांव के बाहर तालाब किनारे पड़ा देखा। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची शांति अपनी बहन का शव देख बिलख पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गले पर चोट के निशान थे, जिससे आशंका है कि किशोरी की मारपीट कर हत्या की गई है।

पुलिस की लापरवाही उजागर

इस मामले में भीरा पुलिस की लापरवाही भी सामने आई। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गोला में तैनात थे, जबकि थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने न तो फोन रिसीव किया और न ही कोई प्रेस नोट जारी किया। दिनभर पुलिस की चुप्पी पर मीडियाकर्मियों ने नाराजगी जताई और उच्च अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद शाम को प्रभारी निरीक्षक ने प्रेस नोट जारी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की जानकारी दी। पुलिस अब इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.