कानपुर में कॉलेज छात्रों से मारपीट का आरोप, दो सहायक प्रोफेसर निलंबित, चार हिरासत में

कानपुर। कानपुर के मंधाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज में देर से पहुंचने पर छात्रों से कथित मारपीट के मामले में कॉलेज प्रशासन ने दो सहायक प्रोफेसरों को निलंबित कर दिया है, जबकि पुलिस ने चार शिक्षकों और कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

अधिकारियों के अनुसार, घने कोहरे के कारण कई छात्र-छात्राएं निर्धारित समय से देर से कॉलेज पहुंचे थे। छात्रों का आरोप है कि नौ बजे के बाद पहुंचने पर कुछ शिक्षकों ने उन्हें लाठी और बेल्ट से पीटा तथा 300 रुपये ‘लेट चार्ज’ देने को कहा। छात्रों के अनुसार, इस घटना में 10 से अधिक विद्यार्थी घायल हुए, जिन्हें कॉलेज के अस्पताल में इलाज दिया गया।

यह भी पढ़े - बलिया की पत्रकारिता जगत को गहरा आघात, वरिष्ठ पत्रकार ‘प्रमोद बाबा’ का निधन

घटना की जानकारी मिलते ही अन्य छात्रों ने परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया, गेट बंद कर नारेबाजी की और दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति बिगड़ने पर कॉलेज प्रशासन ने सहायक प्रोफेसर सुभाष चंद्र मौर्य और अनिल कुमार पाठक को निलंबित कर दिया तथा जांच के लिए समिति गठित की।

पुलिस ने एक छात्र के पिता की शिकायत पर तीन शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा चार शिक्षकों और कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में पुलिस और पीएसी तैनात की गई है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) सैयद कासिम आब्दी ने बताया कि छात्रों और कॉलेज स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच छात्रों ने प्रशासन से आश्वासन मांगा है कि प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.