आजमगढ़ फोरलेन को लेकर सियासत तेज, निरहुआ के दावे पर सपा का पलटवार; ‘भोलेनाथ से माफी मांगें’

आजमगढ़। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा आजमगढ़ में 15 किलोमीटर लंबे चार लेन दक्षिण-पूर्व बाईपास को मंजूरी दिए जाने के बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच इस परियोजना का श्रेय लेने को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दो फरवरी को सोशल मीडिया के माध्यम से आजमगढ़ में 1,279.13 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के निर्माण को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद जिले के दौरे पर आए भाजपा के पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि वर्ष 2022 से 2024 तक अपने सांसद कार्यकाल के दौरान उन्होंने इस सड़क परियोजना की मांग की थी और उसी समय इसका डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) भी तैयार कराया गया था।

यह भी पढ़े - बलिया में अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार

निरहुआ ने कहा कि सही समय आने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी स्वयं आजमगढ़ आकर बताएंगे कि यह परियोजना किसके प्रयासों से स्वीकृत हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में जिले को रेलवे से जुड़ी भी बड़ी सौगात मिलने वाली है।

वहीं समाजवादी पार्टी ने भाजपा के पूर्व सांसद के दावों को खारिज करते हुए तीखा पलटवार किया है। सपा प्रवक्ता विवेक सिंह ने आरोप लगाया कि निरहुआ भंवरनाथ मंदिर में झूठे दावे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा में इस सड़क परियोजना को लेकर सवाल उठाया था, जिसका वीडियो सार्वजनिक है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद धर्मेंद्र यादव को अपने कार्यालय बुलाकर समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया था।

सपा प्रवक्ता ने कहा कि दो फरवरी को केंद्रीय मंत्री द्वारा जारी पत्र को भाजपा के पूर्व सांसद गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि निरहुआ को इस मामले में न केवल जनता से, बल्कि भगवान भोलेनाथ से भी माफी मांगनी चाहिए।

इस बीच वरिष्ठ पत्रकार रत्न प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि सड़क परियोजना को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं, लेकिन यह तय करना आम जनता के स्तर की बात नहीं है कि श्रेय किसे जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सपा सांसद धर्मेंद्र यादव और भाजपा के पूर्व सांसद निरहुआ, दोनों ही आजमगढ़ के मूल निवासी नहीं हैं और विशेष अवसरों पर ही जिले में सक्रिय दिखाई देते हैं।

जिले को मिलेगा बड़ा लाभ

केंद्रीय मंत्री द्वारा स्वीकृत यह 15 किलोमीटर लंबा चार लेन दक्षिण-पूर्व बाईपास लगभग दो दर्जन गांवों से होकर गुजरेगा और मुबारकपुर के पास जुड़ेगा। परियोजना में एक फ्लाईओवर, दो इंटरचेंज, सर्विस रोड और दोनों ओर स्लिप रोड का निर्माण शामिल है। यह बाईपास आजमगढ़ के क्षेत्रीय सड़क नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण कड़ी बनेगा और शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव को कम करेगा।

नितिन गडकरी के अनुसार, यह परियोजना पश्चिमी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग-28 और पूर्वी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग-128बी व पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.