बाराबंकी में महिला किसान नेता की हत्या का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार

बाराबंकी। भाकियू (अवध गुट) महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शादी के दबाव और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी से तंग आकर आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि दो फरवरी को कोतवाली नगर क्षेत्र के गदिया पुलिस चौकी अंतर्गत खजूरगांव में नहर की पटरी के पास एक खेत में सुनीता देवी का खून से लथपथ शव मिला था। प्रारंभिक जांच में ईंट से कूचकर हत्या किए जाने के संकेत मिले थे। मृतका के पति गंगाराम, निवासी अशरफपुर थाना असंद्रा, की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़े - बलिया में महिला बेटा-बेटी के साथ लापता, पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट

एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने बुधवार को मृतका के प्रेमी राज मिश्रा उर्फ राजू (निवासी गनेशपुर, थाना चिनहट, जनपद लखनऊ) को असैनी ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका विवाहित थी और पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बने और वे साथ रहने लगे। आरोपी के अनुसार, मृतका लगातार शादी का दबाव बना रही थी और मना करने पर पैसे मांगने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी, जिससे परेशान होकर उसने हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लखनऊ में हत्या, डकैती और दुष्कर्म से जुड़े कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.