- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कानपुर
- कानपुर में सेवानिवृत्त शिक्षिका से 1.57 करोड़ रुपये की साइबर ठगी
कानपुर में सेवानिवृत्त शिक्षिका से 1.57 करोड़ रुपये की साइबर ठगी
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सेवानिवृत्त शिक्षिका से 1.57 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि जनवरी 2025 में फेसबुक के माध्यम से संपर्क स्थापित कर ठगों ने एक ‘इंटरनेशनल स्कूल प्रोजेक्ट’ में निवेश का झांसा दिया और भारी मुनाफे तथा उच्च पद का लालच दिया।
पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी 2025 से 20 फरवरी 2026 के बीच विभिन्न बहानों—जैसे निवेश, प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और अन्य शुल्क—के नाम पर पीड़िता से अलग-अलग खातों में कुल 1.57 करोड़ रुपये जमा कराए गए।
जब पीड़िता को संदेह हुआ और उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने निवेश बढ़कर अधिक होने का झूठा दावा करते हुए और धन की मांग जारी रखी। बाद में खुद को रिकवरी एजेंट और कानूनी सलाहकार बताने वाले लोगों ने भी उससे संपर्क कर अतिरिक्त रकम ऐंठने का प्रयास किया।
धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से अब तक करीब 19 लाख रुपये फ्रीज किए गए हैं।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने इसे सुनियोजित और बहु-स्तरीय साइबर धोखाधड़ी बताते हुए कहा कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और शेष रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की गई है।
