झांसी में सामूहिक विवाह के बाद दुल्हन फरार, पति ने लगाया धोखे का आरोप

झांसी। जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी के बाद दुल्हन फरार हो गई। पीड़ित पति का आरोप है कि योजना की धनराशि खाते में आने के बाद पत्नी किसी अन्य युवक के साथ चली गई।

जानकारी के अनुसार, बबीना थाना क्षेत्र के खैलार गांव निवासी शैलेन्द्र सनौरिया की शादी 19 फरवरी को मसीहागंज की रहने वाली युवती से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हुई थी। शादी के बाद दोनों को प्रमाण पत्र भी दिया गया। परिवारों के बीच यह तय हुआ था कि 25 अप्रैल को धूमधाम से रिसेप्शन के बाद दुल्हन की विदाई की जाएगी।

यह भी पढ़े - संविदाकर्मियों का मानदेय बढ़ेगा, एक अप्रैल से नई दरें लागू

पीड़ित के अनुसार, शादी के बाद दुल्हन अपने मायके में ही रह रही थी और इस दौरान दोनों के बीच बातचीत भी होती रही। उसने बताया कि उसे किसी तरह का कोई शक नहीं हुआ, क्योंकि दुल्हन सामान्य तरीके से बात करती थी और परिवार से भी घुल-मिल गई थी। उसने यह भी बताया कि उसने पत्नी को मोबाइल फोन दिलाया था और उसके साथ शॉपिंग भी कराई थी।

आरोप है कि 10 या 11 मार्च को जैसे ही दुल्हन के खाते में योजना के तहत करीब 60 हजार रुपये की राशि आई, वह अचानक घर से गायब हो गई। पति का कहना है कि उसे शक है कि पत्नी किसी युवक के साथ चली गई है।

पीड़ित ने बताया कि वह 12 मार्च से लगातार पुलिस चौकी और थाने के चक्कर लगा रहा है। इस संबंध में उसने पुलिस के साथ-साथ समाज कल्याण विभाग में भी शिकायत की है, ताकि आगे किसी प्रकार की समस्या न हो।

शैलेन्द्र ने कहा कि शादी के लिए उसने तैयारियां भी की थीं और रिसेप्शन के लिए गिफ्ट आदि भी खरीदकर रखे थे, लेकिन अब वह पत्नी को साथ रखने के पक्ष में नहीं है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.