- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- मथुरा
- मथुरा : BJP नेता के घर गोलीबारी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
मथुरा : BJP नेता के घर गोलीबारी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
मथुरा : नंदगांव क्षेत्र में भाजपा नेता दानबिहारी उर्फ दानो के आवास पर पिछले महीने हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी इस मामले में नामजद आठ लोगों में शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले भाजपा नेता के भतीजे कुलदीप के ढाबे पर कुछ लोग शराब पी रहे थे। मना करने पर विवाद हुआ और उसी रंजिश में रात के समय आरोपियों ने नेता के घर पर हमला कर फायरिंग और आगजनी की कोशिश की।
बृहस्पतिवार रात सूचना मिली कि मामले में शामिल जितेंद्र उर्फ जीतू और राजबीर मोटरसाइकिल से भरना खुर्द माइनर क्षेत्र से गुजर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो कामई गांव से जुड़ी नहर के पास दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जीतू के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसके गिरते ही राजबीर ने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल जीतू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
