Etawah News: पत्नी पर प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

भरथना/इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र के पड़ियापुर गांव में एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। घटना के बाद पत्नी अपने दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गई है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान रणवीर सिंह यादव, पुत्र लाखन सिंह, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीती रात धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या की गई। सुबह शव मिलने की सूचना पर गांव में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

यह भी पढ़े - फिरोजाबाद में बस पलटने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत, 12 यात्री घायल

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि रणवीर की पत्नी पूजा का लंबे समय से अर्पित नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। इसको लेकर परिवार में पहले भी विवाद हुआ था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। परिजनों का कहना है कि इसी कारण पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रणवीर की हत्या की।

घटना की सूचना मिलते ही भरथना थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक के दो छोटे बच्चे हैं, जिन्हें आरोपी महिला अपने साथ लेकर फरार हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.