बागपत में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप; जांच जारी

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रटौल कस्बे में रविवार को 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान जुलैखा के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब पांच महीने पहले रटौल निवासी रहमान पुत्र लायक से हुई थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जुलैखा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की है।

यह भी पढ़े - डीजे की तेज आवाज को लेकर दो पक्षों में मारपीट, कई लोग घायल

मृतका के मायके पक्ष ने बताया कि वे मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और पिछले लगभग 30 वर्षों से गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के पावी इलाके में रह रहे हैं। रविवार को जुलैखा की मौत की सूचना उसके पति ने मायके पक्ष को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि जुलैखा के साथ मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.