- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP Budget 2026: बजट सत्र के दौरान चलने वाले स्वास्थ्य शिविर का मुख्यमंत्री योगी ने किया उद्घाटन
UP Budget 2026: बजट सत्र के दौरान चलने वाले स्वास्थ्य शिविर का मुख्यमंत्री योगी ने किया उद्घाटन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र की शुरुआत से पहले सोमवार को विधान भवन परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। यह शिविर उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से लगाया गया है, जिसमें केजीएमयू के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली हर नागरिक का अधिकार है और प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने व्यस्त और तनावपूर्ण दिनचर्या के बीच भी स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि तनावमुक्त जीवन और संतुलित दिनचर्या अपनाने से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में प्रत्येक वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि जनप्रतिनिधि विकास की दिशा तय करें, चिकित्सक स्वास्थ्य के प्रति मार्गदर्शन दें और नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है।
उद्घाटन कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और बलदेव सिंह औलख उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, एसजीपीजीआई के निदेशक आर.के. धीमन सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक भी मौजूद थे।
