- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- प्रयागराज
- प्रयागराज में विवाहिता की हत्या, ससुर और जेठ गिरफ्तार
प्रयागराज में विवाहिता की हत्या, ससुर और जेठ गिरफ्तार
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र में शारदा सहायक नहर की पटरी पर मिली अज्ञात महिला की लाश की पहचान हो गई है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज क्षेत्र के बरहदा गांव निवासी मुस्कान मिश्रा (22) के रूप में हुई है। महिला की हत्या प्रतापगढ़ में किए जाने के बाद शव को करीब 17 किलोमीटर दूर मऊआइमा क्षेत्र में फेंका गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह गोवर्धनपुर से बहरिया जाने वाले मार्ग के पास नहर पटरी पर महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि हत्या किसी अन्य स्थान पर कर शव को यहां लाकर फेंका गया।
पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतका के गले और कमर के पास चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि होती है।
मृतका के भाई सुनील कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि मुस्कान की शादी 28 फरवरी 2023 को धीरज कुमार मिश्रा से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि दहेज न मिलने पर मुस्कान की हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नहर किनारे फेंक दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका ने 5 फरवरी की रात अपने मायके वालों से आखिरी बार बातचीत की थी, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। अगले दिन ससुराल पक्ष की ओर से गुमशुदगी की सूचना दी गई थी।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मृतका के ससुर और जेठ को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पति की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
