मथुरा में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, दो मासूम बच्चे हुए बेसहारा

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोविन्दनगर थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर कॉलोनी में रविवार को एक महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान लक्ष्मीनगर कॉलोनी निवासी सुमन (लगभग 30 वर्ष) पत्नी कन्हैया सैनी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी।

यह भी पढ़े - बलिया में पत्नी की हत्या: डंडे से पीटकर मार डाला, रातभर शव के पास बैठा रहा पति, गिरफ्तार

घटना के समय मृतका का पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। घर पर मृतका के दो बच्चे—आठ वर्षीय पुत्री आरुषि और पांच वर्षीय पुत्र प्रिंस—मौजूद थे। महिला के सास-ससुर का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे घटना के बाद दोनों बच्चे बेसहारा हो गए हैं।

सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी बिरला मंदिर, उपनिरीक्षक अजीत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कराई।

पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दे दी है। मृतका का मायका अलीगढ़ जिले के खैर थाना क्षेत्र के मालीपुरा कस्बे में बताया गया है। परिजनों के अनुसार, सुमन की शादी करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी। वह अतिरिक्त आय के लिए पास में रहने वाली बुआ सास के घर सिलाई का कार्य भी करती थी, जबकि उसका पति मसानी क्षेत्र में बैटरी-इन्वर्टर की दुकान पर काम करता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.