- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : एम्बुलेंस को पेट्रोल न मिलने से मरीज की मौत, डीएम ने पेट्रोल पंप पर कार्रवाई और एसडीएम...
Ballia News : एम्बुलेंस को पेट्रोल न मिलने से मरीज की मौत, डीएम ने पेट्रोल पंप पर कार्रवाई और एसडीएम को नोटिस जारी किया
बलिया : एम्बुलेंस को समय पर पेट्रोल न मिलने की वजह से एक मरीज की मौत के मामले में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, वहीं उप जिलाधिकारी बैरिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मरीज को बलिया सदर अस्पताल ले जाते समय एम्बुलेंस का पेट्रोल टेंगरही के पास खत्म हो गया। ग्राम प्रधान ने पास के एक पेट्रोल पंप पर मरीज की गंभीर हालत बताते हुए 5 लीटर पेट्रोल देने का अनुरोध किया, लेकिन पेट्रोल पंप संचालक ने पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर इंकार कर दिया।
इसके बाद ग्राम प्रधान ने मदद के लिए बैरिया एसडीएम संजय कुशवाहा को फोन किया और पेट्रोल दिलाने का अनुरोध किया। आरोप है कि एसडीएम ने यह कहते हुए मदद से इनकार कर दिया कि वे किसी निजी वाहन के लिए कुछ नहीं कह सकते।
इसके बाद ग्राम प्रधान ने तीन-चार बाइकों से करीब 5 लीटर पेट्रोल इकट्ठा कर एम्बुलेंस में डलवाया। जब तक मरीज को अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रास्ते में ही छट्ठू शर्मा की मौत हो गई।
मृतक के भतीजे विशाल शर्मा ने बताया कि पहले 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया था, लेकिन देरी होने पर प्रधान जी अपनी निजी एम्बुलेंस लेकर आए। पेट्रोल न होने के कारण काफी समय बर्बाद हो गया और मरीज को बचाया नहीं जा सका।
इस मामले में डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि जांच के लिए टीम भेजी गई थी। सीसीटीवी फुटेज से यह प्रमाणित हुआ कि रात 9:21 बजे एम्बुलेंस पेट्रोल पंप पर मौजूद थी। पेट्रोल पंप संचालक ने भी स्वीकार किया कि उन्होंने पेट्रोल नहीं दिया।
स्टॉक की जांच में पेट्रोल पंप पर साढ़े आठ हजार लीटर पेट्रोल और साढ़े चार हजार लीटर डीजल उपलब्ध मिला। डीएम ने कहा कि जब इतनी मात्रा में ईंधन उपलब्ध था, तब एम्बुलेंस को 5-10 लीटर पेट्रोल न देना गंभीर लापरवाही है।
उन्होंने इंडियन ऑयल के अधिकारियों को मौके पर भेजते हुए संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिले के सभी 157 पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक बुलाकर आवश्यक सेवाओं, विशेषकर एम्बुलेंस को प्राथमिकता से ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे।
डीएम ने बताया कि बैरिया एसडीएम को भी सूचना दी गई थी। एसडीएम का कहना था कि वे समझ नहीं पाए कि पेट्रोल एम्बुलेंस के लिए मांगा जा रहा है। डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
