Kanpur News : 11 वर्षीय छात्र दिव्यांश हत्याकांड में मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार

कानपुर : कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में 11 वर्षीय छात्र दिव्यांश की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में श्रीरामानुज भागवत वेद विद्यापीठ का संचालक सौरभ मिश्रा उर्फ कन्हैया मिश्रा तथा हर्षिता सोनी शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि लखनऊ के पूर्वी दीन खेड़ा, राजाजीपुरम थाना पारा स्थित श्रीरामानुज भागवत वेद विद्यापीठ के संचालक सौरभ मिश्रा पर आरोप है कि उसने ग्राम गौरिया, थाना महाराजपुर निवासी 11 वर्षीय छात्र दिव्यांश के साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़े - नमाज को लेकर पति ने मांगा तलाक, शरई अदालत ने दिया सोचने का समय

घटना के बाद आरोपी ने उबर के माध्यम से किराये की कार बुक कर छात्र के शव को उसके गांव भिजवा दिया, ताकि मामले को छिपाया जा सके।

पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना महाराजपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 155/2026, धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए सौरभ मिश्रा उर्फ कन्हैया मिश्रा और हर्षिता सोनी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लकड़ी का डंडा, चार सीसीटीवी कैमरे, वायर, सीसीटीवी पोर्ट स्विच, एडॉप्टर, वाई-फाई बॉक्स, छह मुहरें, इंक पैड, नीली फाइल, 68 प्रपत्र, सीसीटीवी फुटेज, दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इस प्रकरण में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में अतिरिक्त निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक अमित यादव, उपनिरीक्षक अनुज कुमार पटेल, महिला उपनिरीक्षक शिक्षा भारती तथा हेड कांस्टेबल फरमूद अली शामिल रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.