Banda News: अपहरण मामले में पुलिस जांच पर उठे सवाल, सैकड़ों महिलाओं ने डीआईजी को सौंपा ज्ञापन

बांदा: चित्रकूटधाम मंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) को शुक्रवार को सैकड़ों महिलाओं के एक बड़े समूह ने ज्ञापन सौंपकर एक कथित अपहरण मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। यह मामला चिंगारी संगठन के 22 सदस्यों, जिनमें 17 महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता राजा भइया शामिल हैं, के खिलाफ दर्ज किया गया है।

महिलाओं ने उठाए पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल

महिलाएं दर्जनों गांवों से एकत्र होकर डीआईजी कार्यालय पहुंचीं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और षड्यंत्रकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाएंगी।

यह भी पढ़े - बांदा में गर्मी का कहर: बिजली-पानी संकट से बेहाल लोग, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़

महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से कई सवाल किए

  • कथित अपहरण 13 दिसंबर को अतर्रा थाना क्षेत्र से हुआ था, उस समय स्थानीय पुलिस क्या कर रही थी?
  • शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अब तक क्यों नहीं देखी गई?
  • युवती 13 से 17 दिसंबर तक लापता रही, इस दौरान उसने भोजन-पानी कैसे प्राप्त किया?
  • अगर उसे नशीला पदार्थ दिया गया था, तो उसकी मेडिकल जांच क्यों नहीं कराई गई?
  • घटना चित्रकूट के बहिलपुरवा क्षेत्र की होने के बावजूद रिपोर्ट अतर्रा थाने में क्यों दर्ज हुई?
  • बिना पूरी जांच के युवती को उसके परिचितों के हवाले कैसे कर दिया गया?

डीआईजी ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन

लगभग आधे घंटे तक महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल से हुई वार्ता में डीआईजी ने अतर्रा के पुलिस क्षेत्राधिकारी और बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि जब तक अपहरण के ठोस सबूत नहीं मिलते, तब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी।

डीआईजी ने कहा कि पुलिस जल्द ही सभी साक्ष्य एकत्र कर निष्पक्ष जांच पूरी करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। हालांकि, महिलाओं ने स्पष्ट किया कि वे पूरी जांच प्रक्रिया पर नजर बनाए रखेंगी और निष्पक्ष न्याय की मांग करती रहेंगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.