- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में सड़क हादसे: स्कॉर्पियो-ई-रिक्शा टक्कर में 5 घायल, भीमपुरा में बाइक सवार युवक की मौत
बलिया में सड़क हादसे: स्कॉर्पियो-ई-रिक्शा टक्कर में 5 घायल, भीमपुरा में बाइक सवार युवक की मौत
बलिया : बेरूआरबारी ब्लॉक मुख्यालय से लगभग आधा किलोमीटर दूर सुखपुरा मार्ग पर रविवार शाम स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। हादसा रोशनी कार बाजार के सामने हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों में ई-रिक्शा चालक शेरवा निवासी 50 वर्षीय रामसागर यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरे ई-रिक्शा में सवार सुखपुरा निवासी 35 वर्षीय लक्ष्मी देवी, 36 वर्षीय माया देवी, 13 वर्षीय अनुराग प्रजापति और 17 वर्षीय विशाल प्रजापति को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
वहीं दूसरी ओर, भीमपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के मानिकपुर उसना निवासी अंशु प्रजापति के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अंशु शनिवार शाम भीमपुरा से अपने घर घोसी लौट रहा था। इसी दौरान भीमपुरा थाना क्षेत्र के जजौली निवासी जीप चालक दिनेश पुत्र मनिराज ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद अंशु को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई हंसराज प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने जीप चालक दिनेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
