बलिया में प्रसूता की मौत पर हंगामा, निजी नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप

बलिया। शहर से सटे जीराबस्ती स्थित एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान 23 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सुखपुरा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी कुसुम राजभर को प्रसव के लिए बुधवार को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। रात करीब नौ बजे ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के बाद अचानक उनकी हालत बिगड़ गई।

यह भी पढ़े - बलिया में डायल 112 पुलिस टीम पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने समय पर उचित उपचार नहीं दिया और लापरवाही बरती। उनका कहना है कि वाराणसी रेफर करने की बात कही गई, लेकिन उससे पहले ही प्रसूता की मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.