- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में 448 निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सम्मानित
बलिया में 448 निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सम्मानित
बलिया। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित निपुण सम्मान समारोह में जनपद के 448 निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। गंगा बहुद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
सीडीओ ने कहा कि शेष विद्यालय भी जल्द लक्ष्य प्राप्त करें। इसके लिए सभी शिक्षकों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा लगातार प्रगति कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, बैग, जूता-मोजा और अन्य आवश्यक सामग्री के लिए 1200 रुपये भेजे जा रहे हैं।
कार्यक्रम में निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों पर भी प्रकाश डाला गया। इस मिशन की शुरुआत वर्ष 2021 में की गई थी, जिसका उद्देश्य बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता विकसित करना है।
समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक, राज्य संदर्भ दाता समूह के सदस्य, शिक्षक संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
