बलिया में टीएससीटी को मजबूत बनाने की रणनीति पर मंथन

बलिया। टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) की जिला व ब्लॉक इकाइयों की बैठक रविवार को शहर के संत बैठा वीर बाबा मंदिर सभागार में आयोजित की गई, जिसमें संगठन को और मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में जिला संयोजक सतीश सिंह ने बताया कि सहयोग के मामले में बलिया जिला प्रदेश में सातवें स्थान पर है और करीब साढ़े छह हजार सदस्य नियमित रूप से योगदान कर रहे हैं। उन्होंने इस संख्या को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि शिक्षा विभाग से जुड़े हर कर्मी का परिवार इस व्यवस्था से जुड़ सके।

यह भी पढ़े - झांसी में सामूहिक विवाह के बाद दुल्हन फरार, पति ने लगाया धोखे का आरोप

जिला प्रवक्ता चन्द्रशेखर पासवान ने कुछ पदाधिकारियों की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई और सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही कन्यादान योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की अपील की गई।

बैठक में टीएससीटी की सहयोगी संस्था नेशनल सेल्फ केयर टीम (एनएससीटी) के विस्तार पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि 18 से 60 वर्ष तक के लोग, जो शिक्षा विभाग से जुड़े नहीं हैं, इस संस्था से जुड़ सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उनके परिवार को भी सहयोग दिया जाता है।

बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन लालजी यादव ने किया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.