- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में दो इंस्पेक्टर समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तीसरा शख्स वन दरोगा
बलिया में दो इंस्पेक्टर समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तीसरा शख्स वन दरोगा
बलिया। चार्जशीट लगाने के बदले पीड़िता से आपत्तिजनक मांग करने और मुकदमा वापस लेने के लिए धमकी देने के आरोप में उभांव थाना पुलिस ने दो इंस्पेक्टर समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्रभारी निरीक्षक उभांव दिनेश पाठक ने बताया कि रसड़ा कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोपी वन दरोगा उग्रसेन जायसवाल को 9 मार्च को जमानत मिल गई थी। इसके बाद से उग्रसेन जायसवाल और तत्कालीन एसएचओ संजय शुक्ला लगातार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे।
पीड़िता का आरोप है कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर उसे जानमाल की धमकी दी गई, साथ ही उसके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी भी दी जाती रही। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मामले के जांच अधिकारी नरेश मलिक फोन और व्हाट्सएप कॉल के जरिए अभद्र भाषा और अश्लील बातचीत करते थे। इतना ही नहीं, चार्जशीट भेजने के नाम पर वह अकेले में मिलने का दबाव भी बना रहे थे।
एसएचओ दिनेश पाठक ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस मामले के सामने आने के बाद जिले के पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है और इसे विभागीय साख से जुड़ा गंभीर मामला माना जा रहा है।
