- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर बलिया में तैयारी तेज, 15 केंद्रों पर 38 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर बलिया में तैयारी तेज, 15 केंद्रों पर 38 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
बलिया : उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर जनपद में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
परीक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 260 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना आईडी कार्ड के किसी भी शिक्षक या अधिकारी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी संबंधित कर्मियों को अनिवार्य रूप से पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक व्यवस्था और खिड़कियों की मरम्मत सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही 23 अप्रैल को सभी संबंधित अधिकारी आपस में बैठक कर अंतिम तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि ड्यूटी पर लगाए गए शिक्षकों के साथ बैठक कर उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि केवल अच्छे सेवा चरित्र वाले शिक्षकों को ही परीक्षा ड्यूटी में लगाया जाए।
परीक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 05498-220830 और 05498-220235 जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, नोडल अधिकारी गौतम जी, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
