बलिया: सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, विशिष्ट बीटीसी एसोसिएशन ने दी भावभीनी विदाई

बलिया: विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की बांसडीह इकाई की ओर से शिक्षा क्षेत्र बांसडीह में सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। जूनियर हाईस्कूल सहतवार परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहतवार चेयरमैन प्रतिनिधि नीरज सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज को गढ़ने वाला सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है। यदि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखा जाए तो शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

यह भी पढ़े - ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत, लापरवाही में नर्सिंग होम सील

विशिष्ट अतिथि वेद प्रकाश पांडेय ने कहा कि आज शिक्षा और शिक्षक दोनों कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों पर गैर-शैक्षणिक जिम्मेदारियां बढ़ने से शैक्षणिक गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, जो समाज और राष्ट्र के लिए चिंता का विषय है।

खंड शिक्षा अधिकारी अनूप पांडेय ने सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक कभी वास्तव में सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि वह अपने ज्ञान और अनुभव से आजीवन समाज को दिशा देता रहता है।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक जनार्दन दुबे, कृष्णकुमार सिंह, अजीत चौबे और रामप्रवेश सिंह को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षा जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओंकारनाथ पांडेय ने की, जबकि संचालन धर्मनाथ यादव ने किया।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.