घाघरा किनारे मिली युवती की लाश का खुलासा, आत्महत्या के बाद परिजनों ने शव नदी में फेंका

बलिया : उभांव थाना क्षेत्र में घाघरा नदी किनारे मिली 19 वर्षीय युवती की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार युवती ने प्रेम प्रसंग और पारिवारिक दबाव से परेशान होकर आत्महत्या की थी। घटना के बाद बदनामी और पुलिस कार्रवाई के डर से परिजनों ने शव को नदी में फेंक दिया था।

मामले में पुलिस ने मृतका के पिता, दो चाचा और शव को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले बोलेरो चालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़े - बलिया में अंशकालिक अनुदेशकों का सम्मान समारोह आयोजित, वितरित किए गए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक

गौरतलब है कि 16 मई को करीमगंज स्थित मौनी बाबा कुटी के पास घाघरा नदी किनारे एक युवती का शव बरामद हुआ था। युवती की गर्दन पर निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही थी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने एक बोलेरो वाहन को संदिग्ध परिस्थितियों में नदी किनारे जाते देखा था, जिसमें कुछ लोग चादर में लिपटी वस्तु ले जा रहे थे।

इसी आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। फॉरेंसिक जांच और विवेचना के दौरान मृतका की पहचान भीमपुरा थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी निशा (19) पुत्री विशेश्वर के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगना बताया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि निशा का क्षेत्र के ही एक युवक से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं था। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक पारिवारिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर निशा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना के बाद परिजनों ने मामले को छिपाने की योजना बनाई। आरोप है कि मृतका के पिता विशेश्वर, चाचा परशुराम और श्रीपति प्रसाद ने बोलेरो चालक इन्दल कुमार की मदद से शव को करीमगंज घाट ले जाकर घाघरा नदी में फेंक दिया, ताकि मामला दब जाए।

उभांव थाना पुलिस ने मामले में धारा 108 एवं 238-बी बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भीमपुरा-मालीपुर मार्ग से विशेश्वर पुत्र मिर्जा, परशुराम पुत्र मिर्जा, श्रीपति प्रसाद पुत्र मिर्जा निवासी नवादा थाना भीमपुरा तथा बोलेरो चालक इन्दल कुमार पुत्र परशुराम प्रसाद निवासी फरहा लौकी थाना भीमपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (UP 54 Q 8676) और आत्महत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद कर ली है। बोलेरो को सीज कर दिया गया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.