ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दवा कारोबारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल सफल

बलिया : ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) के आह्वान पर अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मंगलवार को आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल जिले में सफल रही। इस आंदोलन को बीएनएचए बलिया नर्सिंग होम एसोसिएशन, नीमा, एफएमआरआई तथा यूपी एमएसआरए का भी समर्थन मिला।

हड़ताल के बावजूद दवा व्यापारियों ने जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक एवं आपातकालीन दवाएं उपलब्ध कराकर मानवीय दायित्व निभाया।

यह भी पढ़े - Ballia Crime News : भैंस चराने के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला की मौत से गांव में सनसनी

एआईओसीडी और उत्तर प्रदेश राज्य ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (बीसीडीए) के नेतृत्व में जिले के शहर, तहसीलों और ग्रामीण क्षेत्रों के दवा व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन में भाग लिया।

हड़ताल के दौरान दवा व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री, बिना सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री एवं होम डिलीवरी तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म द्वारा अत्यधिक छूट देने की नीति पर रोक लगाने की मांग की गई।

दवा व्यापारियों ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं और उनकी अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री जन स्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने जीएसआर 817 (ई) एवं जीएसआर 220 (ई) को तत्काल वापस लेने की मांग भी उठाई, जिनके दुरुपयोग का आरोप ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और क्विक कॉमर्स कंपनियों पर लगाया गया।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि कोविड महामारी के दौरान देशभर के केमिस्ट्स ने फ्रंटलाइन हेल्थ सपोर्ट प्रदाताओं के रूप में लगातार सेवाएं दीं, लेकिन अवैध ऑनलाइन गतिविधियों के खिलाफ बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

बीसीडीए अध्यक्ष आनंद सिंह ने आंदोलन में सहयोग करने वाले सभी संगठनों और दवा व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

धरना-प्रदर्शन और जुलूस में बड़ी संख्या में दवा व्यापारी एवं दवा प्रतिनिधि शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आनंद सिंह तथा संचालन बब्बन यादव ने किया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.