अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई, सीएचओ अंकुर गुप्ता की संविदा समाप्त

बलिया : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में अनुशासनहीनता, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और राजकीय कार्यों के प्रति लापरवाही के मामले में जिला स्वास्थ्य समिति ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर छोटकी सेरिया में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अंकुर कुमार गुप्ता की संविदा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है। यह निर्णय जिलाधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।

सीएमओ द्वारा प्रस्तुत विस्तृत आख्या के अनुसार, पूर्व में बैरिया ब्लॉक से बांसडीह स्थानांतरित किए गए अंकुर गुप्ता के खिलाफ अमर्यादित आचरण, बिना अनुमति अनुपस्थित रहने तथा लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना की शिकायतें मिल रही थीं। विकासखंड स्तरीय निरीक्षण के दौरान भी वह बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित पाए गए थे।

यह भी पढ़े - जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय परिवार ने देखी ‘कृष्णावतारम्’ फिल्म

बताया गया कि स्पष्टीकरण मांगे जाने पर उन्होंने न्यायालय जाने संबंधी अमर्यादित टिप्पणी की थी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के नियमों के तहत गठित तीन सदस्यीय जांच समिति ने जांच में उन्हें सभी आरोपों में दोषी पाया।

विभागीय जानकारी के अनुसार 30 अप्रैल को आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में संबंधित कर्मचारी स्वयं उपस्थित हुए थे। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में मानवीय आधार पर उन्हें सुधार के लिए दो बार अवसर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उनके व्यवहार और कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया। समिति के समक्ष पक्ष रखने के दौरान भी वह कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके।

समीक्षा बैठक में यह भी सामने आया कि वर्तमान में चल रहे आयुष्मान पत्र सृजन अभियान में संबंधित कर्मचारी द्वारा कोई कार्य नहीं किया जा रहा था, जबकि इस अभियान की प्रतिदिन जिलाधिकारी स्तर पर समीक्षा की जा रही है।

इसके अलावा विभागीय संदेश समूह में भ्रामक एवं अनुचित संदेश प्रसारित करने, विभागीय गोपनीयता भंग करने तथा अनाधिकृत रूप से विधिक सूचना और जनसुनवाई समाधान प्रणाली के माध्यम से दबाव बनाने के भी गंभीर आरोप लगाए गए। कार्य शून्य पाए जाने के कारण उनके कार्य आधारित प्रोत्साहन राशि के भुगतान पर पहले ही रोक लगा दी गई थी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.