- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में दो शव मिलने से हड़कंप, एक ही घर में युवक फंदे पर लटका मिला, बक्से में मिली किन्नर की लाश
बलिया में दो शव मिलने से हड़कंप, एक ही घर में युवक फंदे पर लटका मिला, बक्से में मिली किन्नर की लाश
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ एक ही घर से दो शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। एक शव युवक का फंदे से लटका मिला, जबकि दूसरे शव के रूप में तीन दिन से लापता किन्नर की लाश घर की चौथी मंजिल पर रखे बक्से से बरामद हुई।
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात भोजन करने के बाद रवि तीसरी मंजिल पर अपने कमरे में सोने चला गया था। गुरुवार सुबह उसकी पत्नी उसे जगाने पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला मिला और रवि रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। यह देख पत्नी की चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने रवि के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान जब पूरे घर की तलाशी ली गई, तो घर की चौथी मंजिल पर करकट शेड के नीचे रखे एक बड़े बक्से से किन्नर रेखा का शव बरामद हुआ, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि किन्नर रेखा बीते तीन दिनों से लापता थी। सीसीटीवी फुटेज में वह रवि गुप्ता के घर में प्रवेश करती हुई दिखाई दी थी, लेकिन उसके बाहर निकलने की कोई रिकॉर्डिंग नहीं मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने बुधवार को रवि गुप्ता और उसके पिता विजय गुप्ता से पूछताछ की थी, हालांकि उस समय कोई ठोस सुराग नहीं मिला था।
अब रवि की मौत और किन्नर रेखा की हत्या के बीच संभावित संबंधों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस रवि की पत्नी और पिता से पूछताछ कर रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंचकर साक्ष्य संकलन में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है।
