Ballia News : सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 161 शिकायतें, भूमि और पेंशन मामलों पर दिए सख्त निर्देश

बलिया : तहसील बेल्थरारोड में शनिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में एक महिला ने तीन माह से वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल जांच कर पेंशन पुनः शुरू कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े - साप्ताहिक परेड में एसपी ने परखी जवानों की तैयारी, दंगा नियंत्रण उपकरणों का भी किया निरीक्षण

वहीं, हल्दी रामपुर की एक महिला ने शिकायत की कि उसके नाम दर्ज भूमि पर पट्टेदार कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को मौके पर जाकर जांच करने तथा दो दिनों के भीतर महिला को भूमि पर कब्जा दिलाने का निर्देश दिया।

एक अन्य मामले में शिकायत मिली कि खतौनी में जीवित व्यक्ति चंद्रशेखर को मृत दर्शाकर उनके स्थान पर अरविंद का नाम दर्ज कर दिया गया है, जबकि अरविंद की मृत्यु हो चुकी है। इस गंभीर त्रुटि पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल खतौनी में चंद्रशेखर का नाम दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही आदेश का पालन न होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, भूमि कब्जा, पेंशन समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 161 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को न्याय दिलाना है और जो सही है, वही किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से भूमि विवादों से जुड़े मामलों में राजस्व अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया तथा उप जिलाधिकारी कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी बेल्थरारोड शरद चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.