बलिया में दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने, जमकर चले लाठी-डंडे; 10 घायल

बलिया। जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगरा गांव में बुधवार रात सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद देखते-ही-देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें महिलाओं और किशोरों समेत 10 लोग घायल हो गए।

घायलों में एक पक्ष से हरिंद्र राजभर (45), उनकी पत्नी मुन्नी देवी (43), पुत्री अंजली (22), शिवानी देवी (26) और पुत्र अभय (16) शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से वीरेंद्र राजभर (40), पत्नी ममता देवी (38), पुत्री संध्या (16), बालेश्वरी देवी (65) और पुत्र प्रिंस कुमार (18) घायल हुए हैं। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वीरेंद्र राजभर, ममता देवी, संध्या, हरिंद्र राजभर, मुन्नी देवी और अंजली को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

यह भी पढ़े - UPSC 2025 : बलिया के रवि शेखर सिंह ने हासिल की 176वीं रैंक, तीसरे प्रयास में मिली सफलता

बताया जा रहा है कि हरिंद्र राजभर गांव के ही एक व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान छोटे भाई को यह आशंका हुई कि बड़ा भाई उनके खिलाफ शिकायत कर रहा है। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। देखते-ही-देखते दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे।

सूचना पर पहुंची सिकंदरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में हालात सामान्य हैं, हालांकि पुलिस सतर्कता बनाए हुए है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.