Ballia News : गर्भवती को निजी अस्पताल भेजने पर आशा बहू पर कार्रवाई, डीएम ने सेवा समाप्त करने के दिए निर्देश

बलिया : जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक गंभीर शिकायत पर सख्त कार्रवाई करते हुए गर्भवती महिला को निजी अस्पताल भेजने के आरोप में आशा बहू की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।

थाना हल्दी क्षेत्र के ग्राम रेपुरा निवासी मदन यादव ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि उनकी गर्भवती पुत्री कृति को गांव की आशा बहू बिंदु देवी 5 मार्च को हल्दी चट्टी स्थित एक डायग्नोसिस सेंटर पर अल्ट्रासाउंड और खून की जांच कराने ले गई थीं। जांच के बाद आशा बहू ने बताया कि बच्चा उल्टा है और स्थिति गंभीर है, इसलिए उसे शहर के अस्पताल ले जाना होगा।

यह भी पढ़े - NMMS परीक्षा में कंपोजिट विद्यालय वैना का छात्र जनपद टॉपर

पीड़ित परिवार का आरोप है कि सरकारी एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने की बात कहने के बावजूद आशा बहू ने निजी वाहन से शहर चलने का दबाव बनाया और सरकारी अस्पताल के बजाय अस्पताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहां ऑपरेशन के लिए पहले पांच हजार रुपये जमा कराए गए और बाद में इलाज के नाम पर करीब 20 हजार रुपये और मांगे जाने लगे।

मदन यादव ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने आशा बहू से सरकारी अस्पताल न ले जाने का कारण पूछा तो उसने डॉक्टर के छुट्टी पर होने की बात कही। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण परिवार इतनी बड़ी राशि देने में असमर्थ है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने आशा बहू को तत्काल बुलाकर पूछताछ की और मुख्य चिकित्साधिकारी से जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने आशा बहू बिंदु देवी की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने संबंधित अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच कराने और पंजीकरण न होने पर उसे सील करने के निर्देश दिए। निजी अस्पताल की भी जांच कर मानकों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गरीब मरीजों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.