‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ में खास वेडिंग ट्रैक, श्रेया जैन ने साझा किया दुल्हन बनने का अनुभव

मध्य प्रदेश/राजस्थान : सन नियो के शो ‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ में इन दिनों गर्व और वैष्णवी की शादी का ट्रैक दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। इसी खास सीक्वेंस को लेकर वैष्णवी का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री श्रेया जैन ने अपने ब्राइडल लुक और शूटिंग के अनुभव साझा किए।

श्रेया जैन ने बताया कि दुल्हन के रूप में तैयार होना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “लड़कियों को सजना-संवरना आमतौर पर बहुत पसंद होता है और जब बात ब्राइडल आउटफिट की हो तो उत्साह और भी बढ़ जाता है। हमारे शो में अभी शादी का ट्रैक चल रहा है और जो ब्राइडल आउटफिट मैं पहन रही हूं वह बेहद खूबसूरत है। इसे स्क्रीन पर कैरी करना मुझे बहुत अच्छा लगता है।”

यह भी पढ़े - क्या अन्विता पूरी कर पाएगी अदालत की तीनों शर्तें और जीत पाएगी भाई-बहनों की कस्टडी? जानिए ‘इत्ती सी खुशी’ में

हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि भारी ब्राइडल ड्रेस और ज्वेलरी पहनकर लंबे समय तक शूटिंग करना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा, “कई बार ये कपड़े काफी भारी होते हैं और लंबे शूटिंग घंटों के कारण थोड़ी असहजता भी होती है। इस ट्रैक में मेरा किरदार लगभग हर सीन में मौजूद है, इसलिए लंबे समय तक भारी कपड़े और गहने पहनकर रहना पड़ता है, जिससे थकान भी होती है। लेकिन जब मैं खुद को आईने में दुल्हन के रूप में देखती हूं तो सारी थकान दूर हो जाती है।”

कहानी के बारे में बात करते हुए श्रेया ने बताया कि शो में गर्व और वैष्णवी की शादी परिस्थितियों के कारण हो रही है। हालांकि गर्व जिस तरह से वैष्णवी का ख्याल रख रहा है, उससे वैष्णवी उसे नए नजरिए से देखने लगती है और उसे लगता है कि शायद गर्व वही साथी है जिसकी वह हमेशा कल्पना करती रही है।

उन्होंने संकेत दिया कि कहानी में जल्द ही एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ आने वाला है, जो दर्शकों को हैरान कर देगा।

गौरतलब है कि ‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ हर दिन रात 9 बजे सन नियो चैनल पर प्रसारित होता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.