- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- अमरोहा
- Amroha News : पकौड़ी लेने गया पति, बस में बैठी पत्नी प्रेमी संग फरार
Amroha News : पकौड़ी लेने गया पति, बस में बैठी पत्नी प्रेमी संग फरार
अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मायके से पत्नी को लेने पहुंचे युवक के साथ उस समय अजीब घटना हो गई, जब बस स्टैंड पर पत्नी उसे पकौड़ी लेने भेजकर अचानक गायब हो गई। आशंका है कि महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई।
बताया जाता है कि दोनों पहले सैफनी से बिलारी तक बस से पहुंचे और वहां से मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस में बैठ गए। इसी दौरान बस स्टैंड पर खड़ी बस में बैठने के बाद पत्नी ने पति से कहा कि वह पास की कैंटीन से पकौड़ी और पानी की बोतल ले आए।
पकौड़ी लेकर लौटा तो सीट खाली मिली
पति जब पकौड़ी लेकर बस में वापस लौटा तो पत्नी अपनी सीट पर नहीं थी। उसने तुरंत पत्नी को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद उसने बस में बैठे यात्रियों से पूछताछ की।
यात्रियों के अनुसार महिला बस में बैठकर किसी से मोबाइल पर बात कर रही थी और थोड़ी देर बाद बस से उतरकर चली गई।
काफी तलाश के बाद भी नहीं मिला पता
पत्नी के अचानक गायब होने से युवक परेशान हो गया और बस स्टैंड के आसपास काफी देर तक उसे ढूंढता रहा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में उसने इस घटना की जानकारी अपने परिवार और ससुराल पक्ष को दी।
बस स्टैंड पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि युवती का शादी से पहले अपने गांव के एक युवक से प्रेम संबंध था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वह उसी के साथ चली गई है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। थाना बिलारी पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
