Priyamvada Kant News : ‘घरवाली पेड़वाली’ की शूटिंग में उल्टा लटककर किया स्टंट, बोलीं- अब यही बन गया न्यू नॉर्मल

मुंबई : एण्डटीवी के सुपरनैचुरल हॉरर कॉमेडी शो ‘घरवाली पेड़वाली’ में लतिका का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री प्रियंवदा कांत इन दिनों अपने साहसी स्टंट्स को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में शो के एक रोमांचक ट्रैक की शूटिंग के दौरान उन्होंने कई मुश्किल स्टंट खुद किए, जिनमें एक सीन ऐसा भी था जिसमें उन्हें हार्नेस के सहारे काफी देर तक उल्टा लटकना पड़ा।

प्रियंवदा कांत ने बताया कि शो में लगभग हर हफ्ते कोई न कोई नया स्टंट करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि एक सीन में उन्हें चमगादड़ की तरह उल्टा लटककर संवाद बोलने थे, जो काफी चुनौतीपूर्ण था क्योंकि लंबे समय तक उल्टा रहने से खून सिर की ओर दौड़ने लगता है।

यह भी पढ़े - ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ पर इक़बाल खान ने साझा किया अक्षय कुमार संग अपना ‘खिलाड़ी’ फैन मोमेंट

उन्होंने कहा, “शुरुआत में यह सीन सुनकर मैं उत्साहित भी थी और थोड़ी घबराई भी। लेकिन मैंने तय किया कि यह स्टंट मैं खुद करूंगी, क्योंकि इससे सीन ज्यादा वास्तविक लगता है। शुरुआती रिहर्सल में शरीर को संतुलन और दबाव के साथ तालमेल बिठाने में समय लगा, लेकिन बाद में यह अनुभव रोमांचक बन गया।”

प्रियंवदा ने बताया कि उनके किरदार के लिए उन्हें लंबा विग पहनना पड़ता है, जो उल्टा लटकने पर सिर को खींचता था और बालों पर दबाव डालता था। इसके बावजूद उन्होंने स्टंट पूरा किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा टीम और स्टंट टीम लगातार उनके साथ रहती है और हर उपकरण की जांच करती है।

अभिनेत्री ने एक और दिलचस्प अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक सीन में उन्हें घूमते हुए पंखे पर बैठना पड़ा, जिससे उन्हें चक्कर भी आने लगे। वहीं एक अन्य सीन में सह-कलाकार पारस अरोड़ा के साथ हवा में लटकते हुए स्टंट भी करना पड़ा।

प्रियंवदा ने कहा कि स्क्रीन पर ये दृश्य भले ही आसान और मजेदार लगते हैं, लेकिन इनके पीछे काफी मेहनत और तैयारी होती है। उन्होंने बताया कि ऐसे चुनौतीपूर्ण स्टंट उन्हें एक कलाकार के तौर पर आगे बढ़ने का मौका देते हैं।

गौरतलब है कि शो ‘घरवाली पेड़वाली’ में प्रियंवदा कांत को लतिका के किरदार में देखा जा सकता है। यह शो सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे और 10 बजे एण्डटीवी पर प्रसारित होता है, जबकि इसके सभी एपिसोड्स ज़ी5 पर भी उपलब्ध हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.