- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम सख्त, खराब रैंकिंग पर अधिकारियों को चेतावनी
सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम सख्त, खराब रैंकिंग पर अधिकारियों को चेतावनी
बलिया। जिलाधिकारी ने सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक की। विकास एवं राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन कई विभागों की रैंकिंग अब भी संतोषजनक नहीं है। विकास कार्यों में जनपद वर्तमान में 13वें स्थान पर है।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगली बैठक में एक वर्ष के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। जिस विभाग की रैंकिंग खराब मिलेगी, उसके खिलाफ शोकॉज नोटिस जारी किया जाएगा।
जननी सुरक्षा योजना में रैंकिंग ‘सी’ पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी पटल सहायकों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आईसीडीएस पोषण अभियान में भी रैंकिंग ‘सी’ मिलने तथा विकासखंड नगरा की स्थिति खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने नगरा की सीडीपीओ को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही बैठक में अनुपस्थित रहने और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने को कहा।
पीएम सूर्य घर मुक्त योजना में रैंकिंग ‘सी’ होने पर संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण और फैमिली आईडी योजना में रैंकिंग ‘बी’ होने पर अधिकारियों को इसे ‘ए’ श्रेणी में लाने के लिए कहा गया।
इसके अलावा एसबीएमजी फेस-2 के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, नई सड़कों के निर्माण और पीएम आवास योजना शहरी की रैंकिंग में सुधार के निर्देश भी दिए गए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना की रैंकिंग ‘सी’ होने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तेजी से कार्य करते हुए इसे ‘ए’ श्रेणी में लाने को कहा।
